UPSC 2025 रिजल्ट: किराना दुकानदार का बेटा बना IAS, टॉप-10 में दो बिहारी

नई दिल्ली/पटना: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस साल राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर टॉप किया है। इस परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है, जिन्हें विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति मिलेगी। परिणाम UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी किया गया है।

इस बार बिहार के कई उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खास बात यह है कि टॉप-10 में बिहार के दो उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि एक किराना दुकानदार के बेटे से लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति के बेटे तक कई युवाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।

टॉप-10 में दो बिहारी

मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने यूपीएससी में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर बिहार का नाम रोशन किया है। राघव की शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल और जीडी मदर इंटरनेशनल स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से ग्रेजुएशन किया।

राघव ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था और लगातार मेहनत के बाद उन्हें यह सफलता मिली। वहीं पटना के रहने वाले उज्ज्वल प्रियांक ने 10वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पटना के ज्ञान निकेतन स्कूल से की और आगे जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। उज्ज्वल को यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली।

किराना दुकानदार के बेटे ने हासिल की 143वीं रैंक

समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के कोठिया गांव के रहने वाले आयुष कुमार ने यूपीएससी में 143वीं रैंक हासिल की है। आयुष के पिता अरुण चौधरी गांव में एक छोटा सा जनरल स्टोर चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आयुष की सफलता पूरे इलाके के लिए प्रेरणा बन गई है।

ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती भी बनी अफसर

रणवीर सेना के सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह ने भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की है। आकांक्षा को 301वीं रैंक मिली है। वे इंदु भूषण सिंह की बेटी हैं।

VC के बेटे को 102वीं रैंक

समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर प्रखंड के राजा जान गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह ने 102वीं रैंक हासिल की है। अभिषेक नालंदा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर अभय कुमार सिंह के बेटे हैं। अभिषेक बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने पांचवीं कक्षा में ही सैनिक स्कूल सिमुलतला के लिए क्वालिफाई किया था और बाद में आईआईटी तक का सफर तय किया।

सारण के यशस्वी राजवर्धन ने 11वीं रैंक हासिल की है, जबकि पटना के बाढ़ क्षेत्र के इशित्व आनंद को 50वीं रैंक मिली है।

कितने उम्मीदवार किस सेवा में चयनित

UPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार:

इस साल के परिणाम में बिहार के कई युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन से देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।

ये भी पढ़े: धनबाद में Vananchal Express की थर्ड एसी बोगी में युवती से छेड़खानी, आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार

Exit mobile version