
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आश्रम के स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने श्री श्री परमहंस योगानन्दजी के कक्ष, फोटो एवं पुस्तक गैलरी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें आश्रम में संरक्षित विभिन्न ऐतिहासिक और आध्यात्मिक सामग्री के बारे में जानकारी दी गई।
परमहंस योगानन्दजी से जुड़ी सामग्री का किया अवलोकन
फोटो और पुस्तक गैलरी में परमहंस योगानन्दजी और उनके प्रमुख शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकों, प्रकाशित संदर्भों, स्वामीजी से संबंधित जारी डाक टिकटों और तस्वीरों को संरक्षित किया गया है। इसके अलावा परमहंस योगानन्दजी द्वारा इस्तेमाल की गई विभिन्न सामग्रियां भी यहां रखी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने इन सभी के बारे में जानकारी ली और आश्रम की गतिविधियों को समझा।
स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर का भी किया भ्रमण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आश्रम परिसर में स्थित लीची वेदी, स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर का भी भ्रमण किया। उन्होंने ध्यान के लिए विकसित उद्यान और आश्रम परिसर का अवलोकन किया तथा वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को योगदा सत्संग आश्रम की हालिया गतिविधियों और विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।



