
SIR in Jharkhand: 43.74 लाख मतदाता ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से रह सकते हैं बाहर, 5 अगस्त को होगा प्रकाशन
Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्य की मौजूदा मतदाता सूची में कुल 2,64,63,236 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 2,20,88,937 मतदाताओं के भरे और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
वहीं, 43,74,272 मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इन मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं रहने की स्थिति बन सकती है। इसी दिन ASDD सूची भी प्रकाशित की जाएगी।
हालांकि, ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन अंतिम मतदाता सूची नहीं होगा। 5 अगस्त से दावा और आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें पात्र मतदाताओं को नियमानुसार अपना दावा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के पहले चरण यानी इन्यूमरेशन फेज की अंतिम तारीख 29 जुलाई थी।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA, BLO, जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचन पदाधिकारियों, वॉलंटियर्स और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता से पहले चरण का काम पूरा कर लिया गया है।
अब 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची और ASDD सूची प्रकाशित की जाएगी।
दोनों सूचियों की सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं मतदान केंद्र स्तर पर राजनीतिक दलों के BLA-2 को हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।
2.20 करोड़ से अधिक मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य की 2026 की मतदाता सूची में कुल 2,64,63,236 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 2,64,62,345 मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए गए।
इनमें 2,20,88,937 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा किया गया है।
वहीं 43,74,272 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए।
43.74 लाख मतदाताओं का क्या है ब्रेकअप?
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार फॉर्म वापस नहीं मिलने वाले मतदाताओं को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है।
मृत मतदाता: 7,63,997 (2.89%)
पता नहीं चलने वाले/अनुपस्थित मतदाता: 14,60,169 (5.52%)
स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता: 15,93,516 (6.02%)
दूसरे स्थान पर पहले से नामांकित मतदाता: 4,38,560 (1.66%)
इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार: 1,18,030 (0.45%)
इन सभी श्रेणियों को मिलाकर यह संख्या 43,74,272 होती है।
5 अगस्त से शुरू होगी दावा-आपत्ति की प्रक्रिया
ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही 5 अगस्त से दावा और आपत्ति की अवधि भी शुरू हो जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस प्रक्रिया में मतदाताओं के साथ राजनीतिक दलों और निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
ऐसे में जिन पात्र मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आता है, उनके लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत वे अपने नाम और मतदाता विवरण को लेकर दावा प्रस्तुत कर सकेंगे।



