HeadlinesJharkhandStatesTrending

मुहर्रम को लेकर रांची में हाई अलर्ट, 6000 पुलिसकर्मी तैनात,

ड्रोन और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

मुहर्रम को लेकर रांची में हाई अलर्ट, 6000 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

 

रांची। मुहर्रम के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। इस बार एक कंपनी रैफ (रैपिड एक्शन फोर्स) समेत करीब 6000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

 

संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों के जरिए प्रमुख स्थानों की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

 

कई सुरक्षा एजेंसियों की रहेगी तैनाती

 

सुरक्षा व्यवस्था में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), एसएसबी, एसआईआरबी, जैप की विभिन्न बटालियन, महिला बटालियन, इको, होमगार्ड और जिला पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा टीयर गैस टीम, वज्र वाहन, रंगीन वाटर टैंकर और रबर बुलेट से लैस विशेष दस्तों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

 

पुलिस ने सादे लिबास में भी जवानों की तैनाती की है, ताकि असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर नजर रखी जा सके। वहीं, ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

 

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

 

मुहर्रम के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के लिए अलग से तकनीकी टीम बनाई गई है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अफवाह फैलाने वालों के साथ-साथ ऐसे संदेशों को बढ़ावा देने वाले ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button