
रांची: Jharkhand राज्य की 25वीं रजत जयंती (“विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव”) के उपलक्ष्य में राज्य भर के सरकारी स्कूलों में उत्सव का माहौल है।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव के तीसरे दिन, गुरुवार (13 नवंबर) को, 52 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
Jharkhand News: 52 हजार छात्रों ने लिया हिस्सा
JEPC से मिली जानकारी के अनुसार, आज 13 नवंबर को राज्य के 52,794 विद्यार्थियों ने प्रखंड स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें क्विज, निबंध, नृत्य, संगीत, ड्रामा, कहानी लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में सफल हुए चयनित विद्यार्थी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
Jharkhand News: 30.8 लाख बच्चे विशेष सभा में हुए शामिल
आज राज्य के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में विशेष प्रातः कालीन सभाओं का भी आयोजन किया गया। इन सभाओं में रिकॉर्ड 30.8 लाख विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान स्कूली बच्चों को राज्य के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध कला-संस्कृति और जनजातीय गौरव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, राज्य के महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
Jharkhand : कल (14 नवंबर) की गतिविधियां
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने बताया कि उत्सव के तहत कल, 14 नवंबर को, निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
- जिला स्तरीय प्रतियोगिता: प्रखंड स्तर पर चुने गए विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
- विशेष प्रभात फेरी: राज्य के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में सुबह विशेष प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
- सेमीनार का आयोजन: सभी जिलों, प्रखंडों और स्कूलों में सेमीनार आयोजित किए जाएंगे। इन सेमीनारों में “झारखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा”, “महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों की जीवनी” और “राज्य की समृद्ध कला-संस्कृति” जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
15 नवंबर को होगा सम्मान
उत्सव का समापन 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में होगा। इस दिन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।



