HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड में 262 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे भी होंगी बड़ी भर्तियां : हेमंत सोरेन

झारखंड में 262 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आगे भी होंगी बड़ी भर्तियां : हेमंत सोरेन

 

रांची: झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंगलवार को 262 नव-चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आने वाले समय में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी।

 

नियुक्ति पाने वालों में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से चयनित 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा आधारित 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 29 वरिष्ठ अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं।

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सभी क्षेत्रों में पर्याप्त मानवबल जरूरी है। सरकार इसी सोच के साथ विभिन्न विभागों में लगातार नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मियों से निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की।

 

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मानवबल बढ़ाने के साथ-साथ आधारभूत संरचनाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य क्षेत्र में और व्यापक स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी।

 

आधुनिक तकनीक और त्वरित व्यवस्था पर जोर

 

हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना महामारी ने स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी की थीं। ऐसे में स्वास्थ्य तंत्र को अधिक सक्षम, तकनीक आधारित और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाला बनाना समय की जरूरत है। सरकार का लक्ष्य आम लोगों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

 

इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नव-नियुक्त अभ्यर्थी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button