
इमरान प्रतापगढ़ी का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- ‘थर्मामीटर बदलने से बुखार नहीं खत्म होता’
Ranchi: कांग्रेस ने देशभर में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ नामक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। गुरुवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि यह अभियान 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं ने करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है और युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही परीक्षा गड़बड़ियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “थर्मामीटर बदलने से बुखार नहीं खत्म होता।” उनका कहना था कि केवल व्यवस्था में छोटे बदलाव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।
राहुल गांधी ने कोटा से की अभियान की शुरुआत
प्रतापगढ़ी ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा प्रणाली का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा विषय है।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच।
- एनटीए सहित पूरी परीक्षा प्रणाली का स्वतंत्र ऑडिट।
- वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर लागू कर समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित करना।
देशभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
इमरान प्रतापगढ़ी ने बताया कि अभियान के दौरान छात्र संपर्क अभियान, कैंपस संवाद, नुक्कड़ सभाएं और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 1 अगस्त को देश के 28 शहरों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा, जबकि 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ अभियान के पहले चरण का समापन होगा।
छात्रों से जुड़ने की अपील
कांग्रेस ने छात्रों और अभ्यर्थियों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। पार्टी ने इसके लिए 9873036161 नंबर जारी किया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर छात्र अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।



