HeadlinesJharkhandStatesTrending

12 दारोगा बने इंस्पेक्टर, 37 पुलिसकर्मियों को प्रमोशन; बहादुरी का मिला सम्मान

झारखंड पुलिस में बड़ा प्रमोशन: 12 SI को इंस्पेक्टर बनाया गया, 37 पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति

झारखंड पुलिस में बड़ा प्रमोशन: 12 दारोगा बने इंस्पेक्टर, 37 पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति

Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा के लिए 37 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है। इनमें 12 दारोगा को इंस्पेक्टर के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इसके अलावा हवलदार, एएसआई और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मियों को भी प्रमोशन का लाभ दिया गया है।

12 दारोगा बने इंस्पेक्टर

डीजीपी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) की ओर से प्रोन्नति आदेश जारी किया गया। इसके तहत सुशील टुडू, प्रभात रंजन राय, फागू होरो, रामेश्वर भगत, सत्येंद्र कुमार सिंह, अर्जुन कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, कुंदन कुमार, रौशन कुमार सिंह, विक्रांत कुमार, सदानंद सिंह और विश्वजीत कुमार सिंह को इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति दी गई है।

नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ अभियानों में निभाई अहम भूमिका

प्रोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों ने नक्सलियों और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए विभाग की ओर से उन्हें पदोन्नति का लाभ दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय के इस फैसले को अभियान के दौरान जोखिम उठाकर काम करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए महत्वपूर्ण सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।

घटना की तारीख से मिलेगा वरिष्ठता का लाभ

प्रोन्नति आदेश में वरिष्ठता को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रोन्नत पद पर वरिष्ठता का लाभ उस बहादुरी से जुड़ी घटना की तारीख से दिया जाएगा, जिसके आधार पर उन्हें प्रमोशन मिला है।

हालांकि, प्रोन्नत पद का बढ़ा हुआ वेतनमान और अन्य आर्थिक लाभ पदोन्नति वाले पद पर योगदान देने की तारीख से ही प्रभावी होगा।

जिलों और इकाइयों में समायोजन का निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसएसपी, एसपी और समादेष्टाओं को निर्देश दिया है कि पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों का संबंधित जिला या इकाई में नियमानुसार समायोजन सुनिश्चित किया जाए।

हवलदार और आरक्षियों को भी मिला प्रमोशन

प्रमोशन का लाभ केवल दारोगाओं तक सीमित नहीं है। गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और रांची में तैनात कई हवलदारों और आरक्षियों को भी पदोन्नति दी गई है। कुछ पुलिसकर्मियों को बैकडेट से प्रमोशन और वरिष्ठता का लाभ दिए जाने का भी प्रावधान किया गया है।

झारखंड पुलिस मुख्यालय के इस फैसले से लंबे समय से सेवा दे रहे पुलिसकर्मियों को करियर में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button