धनबाद। Prince Khan Gang: धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सनसनीखेज आपराधिक षड्यंत्र को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को अवैध हथियारों, जिंदा बमों और कारतूसों के साथ धर दबोचा।
दोनों आरोपी शहर के एक प्रमुख जमीन कारोबारी सह होटल व्यवसायी की हत्या को अंजाम देने के इरादे से बीआईटी पॉलिटेक्निक के पास स्थित जंगल में एकत्र हुए थे।
Prince Khan Gang News: गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित छापेमारी
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के शूटर हथियारों के साथ जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल विशेष टीम का गठन कर बीआईटी पॉलिटेक्निक के समीप घेराबंदी की गई, जहां से पुलिस ने दो संदिग्धों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े: पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
‘Made in Italy’ पिस्टल और जिंदा बम बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी और शोएब कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस तलाशी के दौरान इनके पास से खतरनाक हथियार और विस्फोटक बरामद हुए:
-
गुलाम गौस: दो जिंदा बम, “Made in Italy” अंकित एक अवैध पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन।
-
शोएब कुरैशी: “King KGF” अंकित एक अवैध पिस्टल और 2 जिंदा गोलियां।
Prince Khan Gang News: विदेश में बैठे प्रिंस खान और गोपी खान से व्हाट्सएप पर थे संपर्क में
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों अपराधियों ने कबूला कि वे प्रिंस खान गिरोह के इशारे पर ही व्यवसायी की हत्या करने पहुंचे थे। गुलाम गौस ने खुलासा किया कि वह व्हाट्सएप के जरिए सीधे प्रिंस खान और गोपी खान के संपर्क में था। पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइलों की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि कॉल डिटेल्स और चैट्स के जरिए नेटवर्क के अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
BNS और विस्फोटक कानून के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में भुली (बैकमोड़) थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस (कांड संख्या 116/26) दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन अपराधियों तक आधुनिक हथियार और बम कहां से पहुंचे।
यह भी पढ़े: Darbhanga में पिपिंग समारोह: 22 एएसआई बने सब इंस्पेक्टर, एसएसपी ने लगाए स्टार
