मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन संग पहुंचे दिउड़ी मंदिर, झारखंड की खुशहाली के लिए की पूजा
मुख्यमंत्री ने मां दिउड़ी से झारखंड की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
admin
पत्नी कल्पना सोरेन संग दिउड़ी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना
Ranchi/Tamar: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री दंपति ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर झारखंड के सभी लोगों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने माँ दिउड़ी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के पुरोहित मनोज पांडा और मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा संपन्न कराई गई।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। माँ दिउड़ी मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यहां आने से सकारात्मक ऊर्जा का भी अनुभव होता है।
उन्होंने कहा कि राज्य की सुख-समृद्धि और विकास के लिए मां से आशीर्वाद प्राप्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी झारखंडवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
दिउड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है और यहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या दर्शन के लिए पहुंचती है।