लंदन/रांची: दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में हिस्सा लेने के बाद झारखंड के CM Hemant Soren और विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन बुधवार देर रात अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ लंदन पहुंचे। यहां हवाई अड्डे पर झारखंड के शोधार्थियों (स्कॉलर्स) और प्रवासी समुदाय (डायसपोरा) ने उनका अभूतपूर्व और आत्मीय स्वागत किया।
लंदन में गूंजा झारखंडी संगीत, भावुक हुआ प्रवासी समाज
लंदन एयरपोर्ट का माहौल उस वक्त पूरी तरह झारखंडी रंग में रंग गया, जब मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए वहां मौजूद लोगों ने पारंपरिक जनजातीय वाद्ययंत्रों और लोकगीतों की धुन छेड़ दी। सात समंदर पार अपनी मिट्टी की खुशबू और पारंपरिक संगीत के बीच अपने मुख्यमंत्री को पाकर वहां मौजूद झारखंडी समुदाय के लोग भावुक हो उठे। यह स्वागत महज औपचारिक नहीं था, बल्कि इसमें अपनेपन का गहरा एहसास था। बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों और प्रवासियों ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
‘निशब्द हूं…’ : सीएम और कल्पना सोरेन ने जताया आभार
इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वे निशब्द हैं। उन्होंने कहा, “लंदन में हमारे लोग झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं, यह देखकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। आपके इस स्नेह के लिए हार्दिक आभार।”
वहीं, विधायक और महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “हेमंत जी और प्रतिनिधिमंडल के साथ देर रात लंदन पहुँचने पर आप सबने जो प्यार दिया, उसके लिए आभारी हूँ। सभी को झारखण्डी जोहार!”



