HeadlinesJharkhandStatesTrending

70 घंटे से लापता मासूम अदिति, रांची में जमीन से आसमान तक तलाश जारी

मासूम अदिति की तलाश में जुटी पुलिस, अपहरण एंगल पर भी जांच तेज

70 घंटे से लापता मासूम अदिति, जमीन से आसमान तक तलाश जारी, पूरे रांची की एक ही दुआ- सलामत लौट आए

Ranchi: राजधानी रांची के कोकर स्थित खरहाटोली इलाके में पिछले 70 घंटों से पसरा सन्नाटा अब डर और बेचैनी में बदल चुका है। 18 महीने की मासूम अदिति पांडेय के लापता होने से पूरा इलाका सदमे में है। परिवार की आंखें लगातार रो-रोकर पथरा चुकी हैं और मोहल्ले के लोग बस एक ही दुआ कर रहे हैं— अदिति सुरक्षित वापस लौट आए।

जिस उम्र में बच्चे ठीक से चलना भी नहीं सीख पाते, उस उम्र की बच्ची अचानक लापता हो जाए तो हर बीतता घंटा डर को और गहरा कर देता है।

नाले से नदी तक चल रहा सर्च ऑपरेशन

अदिति की तलाश में प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। बच्ची के घर के पास स्थित नाले में गिरने की आशंका को देखते हुए NDRF और रांची पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

कोकर खरहाटोली से लेकर नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी तक नालों और आसपास के इलाकों को खंगाला जा रहा है। जवान कीचड़, गंदगी और तेज बहाव के बीच घंटों से बच्ची का सुराग तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

अपहरण एंगल पर भी जांच

पुलिस इस मामले को सिर्फ हादसे तक सीमित मानकर नहीं चल रही। अपहरण की आशंका को देखते हुए रांची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख निकासी मार्गों पर अलर्ट जारी किया गया है।

जिले की सीमाओं पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस की तकनीकी टीम लगातार CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।

हर बीतते घंटे के साथ बढ़ रही चिंता

70 घंटे गुजरने के बाद अब परिवार और मोहल्ले की चिंता और गहरी होती जा रही है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर अदिति कहां है? क्या वह किसी हादसे का शिकार हुई या किसी साजिश का हिस्सा बन गई?

फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक बच्ची का पता नहीं चल जाता, सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

इस बीच पूरा रांची शहर मासूम अदिति की सलामती की दुआ कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button