Bihar News: बिहार के नालंदा जिले में महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर गूंजने लगा है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने इस मुद्दे को संसद में उठाते हुए इसे बेहद गंभीर और शर्मनाक घटना बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना मणिपुर जैसी घटनाओं की याद दिलाती है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह एक महिला के साथ बीच सड़क दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोप है कि 5 से 10 युवकों ने महिला को जबरन पकड़ लिया, उसे खींचा और उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला ने शोर मचाकर किसी तरह खुद को बचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
दो आरोपियों को किया गिरफ्तार: Bihar News
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
“मानवता को शर्मसार करने वाली घटना”: Bihar News
गुरुवार को संसद के बजट सत्र के दौरान पप्पू यादव ने इस मामले को लोक महत्व के तहत उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार समेत देश के कई हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंता का विषय है। नूरसराय की घटना को उन्होंने “मानवता को शर्मसार करने वाली” करार दिया। सदन में उन्होंने साफ कहा कि इस मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाए और दोषियों को सख्त सजायहां तक कि फांसी दी जाए, ताकि समाज में ऐसा संदेश जाए कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग: Bihar News
इस दौरान पप्पू यादव ने जहानाबाद में नीट की एक छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला भी उठाया और आरोप लगाया कि अब तक उसमें ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जांच तेज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्णिया, छपरा और आरा जैसे जिलों में हाल के दिनों में महिलाओं और बच्चियों के साथ कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में जरूरत है कि छात्रावासों के लिए सख्त कानून बनाए जाएं और यौन अपराधों के मामलों में स्पीडी ट्रायल की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति महाराष्ट्र में काम करता है और वह अपने सास-ससुर के साथ रहती है। 26 मार्च की शाम जब वह राशन लेने निकली थी, तभी गांव के कुछ युवकों ने उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गलत हरकत करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी दोषियों को जल्द ही कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।
