HeadlinesBiharStatesTrending

खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक; रौशन आनंद को नहीं मिली जमानत

गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, कोर्ट ने मांगी केस डायरी; रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज

खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, कोर्ट ने मांगी केस डायरी; रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज

पटना: खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने फायरिंग मामले में उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। साथ ही अदालत ने पुलिस से मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने को कहा है।

मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक खान सर के खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 20 जून को होगी।

आत्मरक्षा में चलाई गई गोली: खान सर के वकील

खान सर की ओर से पेश अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने अदालत में दलील दी कि विवाद के दौरान जो फायरिंग हुई, वह आत्मरक्षा के उद्देश्य से की गई थी। उनका कहना था कि किसी प्रकार का भय या दहशत फैलाना उद्देश्य नहीं था।

वकील ने अदालत को बताया कि घटना के दौरान हालात तनावपूर्ण थे और सुरक्षा कर्मियों ने स्वयं की सुरक्षा के लिए कदम उठाया था।

हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है मामला

गौरतलब है कि पटना पुलिस ने खान सर के सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर उनके खिलाफ हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

एफआईआर में दावा किया गया है कि सुरक्षा गार्डों ने पुलिस को बताया कि खान सर ने उन्हें फायरिंग करने के लिए कहा था। इसी आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सुरक्षा गार्डों की जमानत पर फैसला सुरक्षित

इसी मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्ड दीपक कुमार और तालेबर सिंह की जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने पुलिस से मामले से जुड़े सबूत प्रस्तुत करने को कहा है।

अदालत ने फिलहाल आदेश सुरक्षित रख लिया है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस पर फैसला सुनाया जा सकता है।

रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज

दूसरी ओर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को राहत नहीं मिल सकी। अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

रौशन आनंद फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में छात्रों ने पटना में कैंडल मार्च निकालकर उनकी रिहाई की मांग की थी।

क्या है पूरा मामला?

2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला और मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। बाद में फायरिंग का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और कोर्ट में लंबित मामलों पर सभी पक्षों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button