राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का BJP पर हमला, बोला- INDIA गठबंधन में दरार का सपना होगा चकनाचूर
राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का बड़ा दावा, ‘INDIA गठबंधन में कोई फूट नहीं’
admin
राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का BJP पर पलटवार, कहा- INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट
रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और गठबंधन में दरार की उम्मीद करने वालों को एक बार फिर निराशा हाथ लगेगी।
झामुमो ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग यह माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को लेकर अकेले सवाल उठा रही है और गठबंधन के अन्य दल उसके साथ नहीं हैं। लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। गठबंधन का प्रत्येक दल निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया के पक्ष में मजबूती से खड़ा है।
पार्टी ने कहा कि जब भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर कोई संदेह या सवाल सामने आता है, तब लोकतांत्रिक व्यवस्था में उस पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है। INDIA गठबंधन इसी सिद्धांत के तहत अपनी बात रख रहा है।
झामुमो ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग के संवैधानिक ढांचे के तहत आयोजित कराए जाते हैं और इस प्रक्रिया में रिटर्निंग ऑफिसर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठाए गए सवालों को किसी राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
पार्टी के अनुसार यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ लड़ाई नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को बनाए रखने का प्रयास है। झामुमो ने दावा किया कि INDIA गठबंधन के सभी सहयोगी दल इस मुद्दे पर एकमत हैं और राज्यसभा चुनाव में भी उनकी एकजुटता साफ दिखाई देगी।
झामुमो ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गठबंधन में फूट का सपना देखने वालों को इस बार भी निराशा ही हाथ लगेगी, क्योंकि INDIA गठबंधन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है।