अब आठ रजिस्टरों से मिलेगी मुक्ति, सहिया ऐप से ऑनलाइन होगी रिपोर्टिंग; काम के आधार पर भुगतान
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में सहिया ऐप एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। अब सहियाओं को अपने काम का रिकॉर्ड रखने और रिपोर्ट तैयार करने के लिए आठ अलग-अलग रजिस्टरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे ऐप के माध्यम से अपने कार्यों का विवरण और जरूरी रिपोर्टिंग फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगी। साथ ही, दर्ज किए गए कार्यों के आधार पर भुगतान की व्यवस्था भी की जाएगी।
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड की ओर से सहिया ऐप का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान स्टॉल पर सहियाओं ने ऐप की कार्यप्रणाली और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बताये ऐप के फायदे
स्टॉल के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत अन्य अतिथियों को सहिया ऐप की जानकारी दी गई।
इस दौरान एक सहिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले अपने कार्यों की रिपोर्ट और दस्तावेजों का रिकॉर्ड रखने के लिए आठ अलग-अलग रजिस्टरों का इस्तेमाल करना पड़ता था। इससे समय अधिक लगता था और रिकॉर्ड को संभालना भी चुनौतीपूर्ण होता था। अब ऐप के जरिए रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करने से काम आसान होगा और समय की बचत होगी।
ऑनलाइन रिपोर्टिंग से भुगतान प्रक्रिया में भी सुविधा
सहिया ऐप के माध्यम से सहियाएं अपने कार्यों का विवरण दर्ज करने के साथ जरूरी रिपोर्टिंग फॉर्म भी ऑनलाइन भर सकेंगी। ऐप में दर्ज कार्यों के विवरण के आधार पर भुगतान किए जाने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
इससे सहियाओं के काम का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा। साथ ही, कार्यों के विवरण को भुगतान प्रक्रिया से जोड़ने में मदद मिलेगी। यह पहल सहियाओं के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
