Jharkhand News: पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। “Samachaar Wala” में खबर प्रमुखता से सामने आने के बाद पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत खुद अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीसी ने इमरजेंसी वार्ड से लेकर ओपीडी तक विभिन्न विभागों का दौरा किया और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को फटकार भी लगाई गई।
साफ-सफाई और मैनपावर की जांच: Jharkhand News
निरीक्षण के दौरान डीसी शेखावत ने अस्पताल में मैनपावर, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने और कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि यह उनका पहला निरीक्षण है और यदि आगे भी लापरवाही मिली तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गंदे शौचालय देखकर नाराज हुए DC: Jharkhand News
ओपीडी वार्ड के कई शौचालयों में गंदगी और टूटे दरवाजे पाए जाने पर डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था देख रही बालाजी कंपनी के सुपरवाइजर को निलंबित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही MMCH अधीक्षक डॉ अजय कुमार को शोकॉज जारी करने की बात कही गई।
मरीजों को बेवजह रेफर नहीं करने का निर्देश
डीसी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि बिना वैध कारण मरीजों को रेफर न किया जाए। उन्होंने डिजिटल किओस्क को अपडेट रखने और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थो, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी समेत सभी ओपीडी वार्डों का निरीक्षण कर डॉक्टरों की उपस्थिति की भी जांच की।
