Jharkhand News: झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा के घने जंगल बुधवार को अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठे। राज्य में नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित माओवादी संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।
जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई। पिछले कुछ दिनों से इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच अंधाधुंध फायरिंग: Jharkhand News
इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान शामिल थे। बुधवार को जब जवान सारंडा के अंदरूनी इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी नक्सलियों का दस्ता कैंप बदलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद इलाके में काफी देर तक गोलीबारी होती रही।
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी: Jharkhand News
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों की कार्रवाई में कई नक्सलियों को गोली लगने और कुछ के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सारंडा के घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण अभी तक किसी भी नक्सली का शव बरामद नहीं हो पाया है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।



