
झारखंड में गरीबों को ठंड से राहत की तैयारी, सरकार खरीदेगी 10 लाख कंबल; खरीद प्रक्रिया शुरू
Ranchi: झारखंड में आने वाली ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। कंबल एवं वस्त्र वितरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 10 लाख उच्च गुणवत्ता वाले कंबल खरीदे जाएंगे। इनकी खरीद GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य के उन लोगों तक ठंड से बचाव का साधन पहुंचाना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और कड़ाके की ठंड में पर्याप्त गर्म कपड़ों की व्यवस्था नहीं कर पाते।
10 लाख कंबलों की होगी खरीद
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अंतर्गत संचालित कंबल एवं वस्त्र वितरण योजना के तहत करीब 10,00,000 कंबल खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सरकार ने कंबलों की गुणवत्ता और मानक को लेकर भी आवश्यक शर्तें तय की हैं।
खरीदे जाने वाले कंबल मिंक क्लाउडी गुणवत्ता के होंगे। प्रत्येक कंबल का आकार 60 इंच × 90 इंच और वजन करीब 2 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
इन जरूरतमंदों पर रहेगा विशेष फोकस
सरकार की योजना समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों को ठंड से राहत पहुंचाने पर केंद्रित है। इनमें प्रमुख रूप से—
- वृद्ध और बेसहारा लोग
- दिव्यांग व्यक्ति
- विधवा महिलाएं
- भूमिहीन परिवार
- बंधुआ मजदूर
- भिक्षुक और अत्यंत जरूरतमंद लोग
शामिल हैं।
कंबल पर होगा झारखंड सरकार का लोगो
कंबलों की पहचान और सरकारी वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कंबल पर 3×3 इंच का सरकारी लोगो लगाना अनिवार्य किया गया है। इस पर महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार, रांची से संबंधित लोगो अंकित होगा।
GeM पोर्टल के जरिए होगी खरीद
कंबलों की खरीद Government e-Marketplace (GeM) के माध्यम से किए जाने की योजना है। इससे खरीद प्रक्रिया को निर्धारित सरकारी नियमों के तहत पूरा करने और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सरकार की यह पहल खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आने वाले ठंड के मौसम में इन कंबलों का वितरण जरूरतमंद लाभुकों के बीच किया जाएगा।



