
गोड्डा का भारतीय सेना का जवान जम्मू-कश्मीर से लापता, 6 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
Godda/Mahagama:
झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड अंतर्गत सरभंगा पंचायत निवासी भारतीय सेना के जवान वासुदेव राय के सुरक्षा कैंप से लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद जवान का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है तथा सरकार और सेना से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।
जम्मू-कश्मीर में थे तैनात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वासुदेव राय भारतीय सेना की 151 INF BN (जाट रेजीमेंट) में तैनात हैं और जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान वे सुरक्षा कैंप से लापता हो गए। घटना के बाद सेना की ओर से तलाश अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक उनके संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी है।
परिजन लगातार लगा रहे हैं अधिकारियों के चक्कर
लापता जवान के परिजन लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि छह दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि जवान कहां हैं और उनकी तलाश किस स्तर पर चल रही है। इससे परिवार की चिंता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।
सरकार और सेना से की भावुक अपील
परिजनों ने केंद्र सरकार और सेना से अपील करते हुए कहा कि भारतीय सेना अपने अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जानी जाती है। ऐसे में किसी जवान के लापता होने के मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाना चाहिए।
परिवार का कहना है कि उन्हें केवल एक ही उम्मीद है—“हमें हमारा बेटा सही-सलामत वापस चाहिए।” उन्होंने मांग की कि खोज अभियान की प्रगति और जांच से जुड़ी जानकारी समय-समय पर परिवार को भी उपलब्ध कराई जाए।
गांव में चिंता का माहौल
इस घटना के बाद सरभंगा पंचायत और आसपास के इलाके में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भी सरकार और सेना से जल्द से जल्द जवान का पता लगाकर उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने की अपील की है।



