बिहार में ‘इफ्तार डिप्लोमेसी’ तेज: आज AIMIM के साथ तेजस्वी, 16 को चिराग और 18 मार्च को नीतीश की दावत 

AIMIM: बिहार की राजनीति में इन दिनों रमजान के साथ-साथ इफ्तार डिप्लोमेसी भी खूब चर्चा में है। राज्यसभा चुनाव की हलचल के बीच अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टियां सियासी मायने लेने लगी हैं। एक तरफ आज AIMIM की दावत में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के शामिल होने की खबर है, तो दूसरी ओर 16 मार्च को चिराग पासवान और 18 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से भी इफ्तार पार्टी का आयोजन तय है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या इफ्तार के बहाने बिहार में नए राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं।

AIMIM के इफ्तार में शामिल होंगे तेजस्वी: AIMIM

पटना में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM की ओर से आज इफ्तार पार्टी आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के शामिल होने की संभावना है। सीमांचल क्षेत्र की राजनीति और मुस्लिम वोट बैंक को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच तेजस्वी का AIMIM के मंच पर जाना कई संकेत दे रहा है। इस मुलाकात पर सत्ता पक्ष की भी पैनी नजर बनी हुई है।

18 मार्च को CM हाउस में ‘दावत-ए-इफ्तार’: AIMIM

राज्यसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग पर भी खास तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 18 मार्च को अपने आवास पर भव्य दावत-ए-इफ्तार का आयोजन करेंगे। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में संभावित जीत के बाद यह आयोजन राजनीतिक और सामाजिक दोनों लिहाज से खास होगा। हर साल रमजान में होने वाला यह कार्यक्रम राज्य के बड़े राजनीतिक नेताओं और गणमान्य लोगों को एक मंच पर लाता है।

16 मार्च को चिराग पासवान की इफ्तार पार्टी

इसी बीच चिराग पासवान भी इफ्तार डिप्लोमेसी की इस सियासी दौड़ में पीछे नहीं हैं। उन्होंने 16 मार्च को अपनी पार्टी कार्यालय में इफ्तार पार्टी देने का ऐलान किया है। जिस दिन राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान और परिणाम की हलचल होगी, उसी शाम चिराग का यह आयोजन उनकी राजनीतिक सक्रियता और ताकत का प्रदर्शन माना जा रहा है।

क्यों चर्चा में है ‘इफ्तार डिप्लोमेसी’?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रमजान के दौरान होने वाली इफ्तार पार्टियां सिर्फ सामाजिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रहतीं। इन आयोजनों के जरिए राजनीतिक रिश्ते मजबूत किए जाते हैं और नए समीकरणों की संभावनाएं भी तलाश की जाती हैं।

आज AIMIM के मंच पर तेजस्वी यादव की मौजूदगी, 16 मार्च को चिराग पासवान की दावत और 18 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर होने वाली इफ्तार पार्टी ने बिहार की राजनीति को नई चर्चा दे दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इन मुलाकातों से आगे चलकर कौन-से नए सियासी संकेत निकलते हैं।

Exit mobile version