पुलिस एसोसिएशन को माफीनामा नहीं दूंगा, DGP से करूंगा शिकायत

डुमरी विधायक जयराम महतो ने वायरल ऑडियो विवाद पर पुलिस एसोसिएशन को माफीनामा देने से इनकार किया है। उन्होंने पूरे ऑडियो की जांच और थाना परिसर में कथित दुर्व्यवहार की शिकायत DGP से करने की बात कही।

जयराम महतो का पुलिस एसोसिएशन पर पलटवार, बोले- माफीनामा नहीं दूंगा, DGP से करूंगा शिकायत

Ranchi: डुमरी विधायक जयराम महतो ने वायरल ऑडियो को लेकर पुलिस एसोसिएशन की ओर से की जा रही कार्रवाई की मांग पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह पुलिस एसोसिएशन को कोई माफीनामा नहीं देंगे। जयराम महतो ने कहा कि एक कथित गाली के मामले में सीधे गिरफ्तारी की मांग करना उचित नहीं है। पहले पूरे घटनाक्रम और वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस एसोसिएशन को उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए कथित आपत्तिजनक शब्दों से ज्यादा आपत्ति एक विधायक के तौर पर उनके सवाल उठाने के तरीके से है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का अधिकार है और किसी संस्था को सीधे गिरफ्तारी की मांग नहीं करनी चाहिए।

‘पहले वायरल ऑडियो की पूरी जांच हो’

वायरल ऑडियो को लेकर जयराम महतो ने दावा किया कि बातचीत करीब 11 मिनट की है, लेकिन सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चा में केवल कुछ हिस्सा ही सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑडियो को एडिट कर वायरल किया गया है।

उन्होंने मांग की कि बातचीत का पूरा ऑडियो सार्वजनिक किया जाए, ताकि लोगों के सामने पूरा संदर्भ आ सके। हालांकि, विधायक ने यह भी कहा कि बातचीत में कुछ शब्द अशोभनीय हैं और वह ऐसे शब्दों का समर्थन नहीं करते। उनका कहना है कि किसी भी बातचीत का आकलन करते समय उसके पीछे की परिस्थितियों को भी देखा जाना चाहिए।

थाना प्रभारियों के व्यवहार पर उठाए सवाल

जयराम महतो ने थाना प्रभारियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं होता और गरीब लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने वाहन और ट्रैक्टर की किस्त, जुर्माना और पुलिस कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। विधायक ने थाने में एक दलित व्यक्ति को कथित तौर पर पीटे जाने के मामले का उल्लेख करते हुए भी सवाल उठाए।

‘थाना परिसर में मेरे साथ भी धक्कामुक्की हुई’

जयराम महतो ने आरोप लगाया कि जिस घटना को लेकर विवाद शुरू हुआ, उस दौरान थाना परिसर में 15-20 लोगों की भीड़ के बीच हूटिंग और धक्कामुक्की की गई। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ मारपीट की बात भी कही गई।

विधायक ने कहा कि वह पूरे मामले में पुलिस प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन को लेकर शिकायत करेंगे। इसी सिलसिले में वह रांची आए हैं।

DGP से करेंगे शिकायत

जयराम महतो ने कहा कि वह DGP से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत करेंगे। उनकी मांग है कि थाना परिसर में उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच कर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने साफ किया कि पुलिस एसोसिएशन की कार्रवाई की मांग के बावजूद वह माफीनामा देने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद ही निष्पक्ष निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए।

Exit mobile version