रांची (खेलगांव): दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की 82वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर CM Hemant Soren ने राज्य के युवाओं को शिक्षा और स्वावलंबन की बड़ी सौगात दी। टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि बाबा (शिबू सोरेन) भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श और संघर्ष हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेंगे।
उच्च शिक्षा के लिए ₹15 लाख तक का ‘गारंटीड’ ऋण
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जो मात्र 4% ब्याज पर 15 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध करा रहा है। आज 55 लाभार्थियों को ₹12 करोड़ का ऋण स्वीकृति पत्र दिया गया। अब तक 2430 छात्र इसका लाभ ले चुके. मुख्यमंत्री ने कहा, “गरीबी अब पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी। अब आदिवासी और दलित बच्चे भी विदेश में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।”
रिसर्च और इंटर्नशिप की नई पहल
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए कई अन्य क्रांतिकारी योजनाओं का भी शुभारंभ किया:
- ग्रास रूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम: स्नातक और स्नातकोत्तर के 17,000 छात्रों को पंचायतों में जाकर स्थानीय नवाचार और पारंपरिक ज्ञान को सहेजने का मौका मिलेगा। उन्हें ₹10,000 स्टाइपेंड भी मिलेगा।
- सीएम फैलोशिप: 23 रिसर्च स्कॉलर्स को शोध कार्य के लिए ₹25,000 मासिक स्कॉलरशिप की राशि प्रदान की गई।
- एआई (AI) चैट बोर्ड: एनआईटी जमशेदपुर द्वारा विकसित एआई चैट बोर्ड और पब्लिक डैशबोर्ड का उद्घाटन किया गया ताकि योजनाओं की जानकारी जनता तक आसानी से पहुंचे।
“हम गुरुजी के सिपाही हैं”
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वजों ने संघर्ष कर राज्य दिया है, अब इसे संवारने की जिम्मेदारी हमारी है। “मैं आपको सिर्फ सरकारी नौकरी के भरोसे नहीं रखना चाहता। मैं आपको इस काबिल बनाना चाहता हूँ कि आप दुनिया की हर प्रतिस्पर्धा में अव्वल आ सकें। हम गुरुजी के सिपाही हैं, आपकी मंजिल तक आपको पहुंचाना हमारा वादा है।”
बुजुर्गों और शिक्षा के लिए अन्य सौगातें
बोकारो के चास में बुजुर्गों के लिए ‘गुरूजी वाटिका’ का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। बोकारो में ‘मास्टर सोबरेन मांझी जिला पुस्तकालय’ और मानव शास्त्र के अध्ययन के लिए ‘गुरूजी रात्रि पाठशाला’ की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, और डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
यह भी पढ़े: Ranchi News: रांची से लापता बच्चों का मामला: BJP ने खोला मोर्चा, एसएसपी कार्यालय घेरने की दी चेतावनी
