भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद करे सरकार, झूठे मुकदमे वापस ले: आदित्य साहू, आंदोलन की चेतावनी

चतरा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, कार्यकर्ताओं से मिले; सरकार पर लगाए राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप

भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद करे सरकार, झूठे मुकदमे वापस ले: आदित्य साहू

Ranchi/Chatra: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चतरा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार और जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मंडल कारा में मुलाकात की। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने राज्य सरकार पर भाजपा कार्यकर्ताओं का राजनीतिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर अपने कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सरकार से भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे तत्काल वापस लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

राजनीतिक प्रतिशोध का लगाया आरोप

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चतरा में अवैध खनन, अवैध ढुलाई और अन्य कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास कुमार लगातार स्थानीय प्रशासन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, जिसके बाद उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि यदि कानून के तहत कार्रवाई करनी थी तो निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए था, लेकिन जिस तरीके से कार्रवाई हुई, उससे राजनीतिक दबाव की आशंका पैदा होती है।

आंदोलन की दी चेतावनी

आदित्य साहू ने कहा कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका और दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें वापस नहीं लिया गया, तो भारतीय जनता पार्टी पूरे राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र और न्याय की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा।

मृत CRPF जवानों के परिजनों से भी मिले

चतरा दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में अनियंत्रित कोयला परिवहन के दौरान हाइवा दुर्घटना में जान गंवाने वाले CRPF जवान लक्ष्मण यादव और सहदेव यादव के परिजनों से भी मुलाकात की।

उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

अवैध कोयला परिवहन पर सरकार को घेरा

आदित्य साहू ने कहा कि अनियंत्रित और अवैध कोयला परिवहन के कारण क्षेत्र में कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।

उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, सांसद कालीचरण सिंह, विधायक उज्ज्वल दास, भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव भोक्ता सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version