
राज्यसभा चुनाव: नितिन नवीन के रांची दौरे से बढ़ी सियासी हलचल, गौरव वल्लभ के नाम की चर्चा तेज
Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े वरिष्ठ नेता और झारखंड प्रभारी नितिन नवीन के दो दिवसीय रांची दौरे ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही भाजपा उम्मीदवार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रखर वक्ता और अर्थशास्त्री गौरव वल्लभ का नाम राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में गंभीरता से विचाराधीन है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर लगभग सहमत हो चुका है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
एक तीर से कई निशाने साधने की रणनीति
भाजपा रणनीतिकारों का मानना है कि गौरव वल्लभ को राज्यसभा भेजकर पार्टी कई राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। एक ओर उन्हें संसद में मजबूत बौद्धिक और आर्थिक मामलों के जानकार चेहरे के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है, वहीं दूसरी ओर झारखंड की राजनीति में भी एक प्रभावी प्रतिनिधित्व देने की कोशिश होगी।
झारखंड से पुराना नाता
गौरव वल्लभ का झारखंड से राजनीतिक और शैक्षणिक दोनों स्तर पर जुड़ाव रहा है। वे पहले जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा रांची और झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों से भी उनका लंबे समय तक जुड़ाव रहा है।
नितिन नवीन के दौरे पर नजर
भाजपा के लिए नितिन नवीन का रांची दौरा संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राज्यसभा चुनाव, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर महत्वपूर्ण बैठकों की संभावना है।
अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा आधिकारिक तौर पर किसे उम्मीदवार बनाती है और क्या गौरव वल्लभ का नाम पार्टी की अंतिम पसंद साबित होता है



