झारखंड के अल्पसंख्यक छात्रों को मुफ्त कोचिंग, 12 अगस्त तक आवेदन

: झारखंड में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत JPSC-JSSC की मुफ्त कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

JPSC-JSSC की तैयारी का सुनहरा मौका: अल्पसंख्यक छात्रों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग, 12 अगस्त तक करें आवेदन

रांची में होगी ऑफलाइन कोचिंग, प्रवेश परीक्षा से होगा चयन; स्टडी मटेरियल, मॉक टेस्ट से लेकर इंटरव्यू की तैयारी तक की सुविधा मुफ्त

Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना-2024 के तहत पात्र अभ्यर्थियों से नि:शुल्क कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। चयनित अभ्यर्थियों को JPSC और JSSC की परीक्षाओं के लिए ऑफलाइन माध्यम से नि:शुल्क तैयारी कराई जाएगी।

रांची के हज हाउस में होगी फ्री कोचिंग

कोचिंग की व्यवस्था रांची के कडरू स्थित झारखंड राज्य हज हाउस की पांचवीं मंजिल पर की गई है। यहां चयनित अभ्यर्थियों को अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से नियमित कक्षाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, सेमिनार, साप्ताहिक और मासिक टेस्ट, मॉक टेस्ट, इंटरव्यू की तैयारी और पर्सनालिटी डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का झारखंड का स्थानीय निवासी और अल्पसंख्यक समुदाय से होना जरूरी है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र और स्वघोषित शपथ पत्र देना होगा।

अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। उसकी आयु 20 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी के अभिभावक की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

किसी सरकारी या निजी नौकरी में कार्यरत अभ्यर्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। एक अभ्यर्थी इस योजना का लाभ अधिकतम दो बार ले सकता है।

प्रवेश परीक्षा से होगा छात्रों का चयन

मुफ्त कोचिंग में सीधे दाखिला नहीं मिलेगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा से गुजरना होगा। प्रवेश परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

योजना के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अभ्यर्थी 23 अगस्त 2026 से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 4 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

15 सितंबर को रिजल्ट, 21 सितंबर से नामांकन

प्रवेश परीक्षा का परिणाम 15 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के लिए 21 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और कोचिंग की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी।

इस योजना से उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से फायदा मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक कारणों से महंगी प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग नहीं ले पाते हैं। सरकार की इस पहल के जरिए पात्र अल्पसंख्यक युवाओं को JPSC-JSSC जैसी सरकारी भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी का अवसर मिलेगा।

Exit mobile version