JharkhandHeadlinesPoliticsStates

रामनवमी शोभायात्रा का न्योता लेकर पहुंचे प्रतिनिधि, सीएम हेमन्त सोरेन ने किया स्वीकार

रांची में रामनवमी की तैयारियां तेज, सीएम सोरेन ने शांति और सुरक्षा पर दिया जोर

रामनवमी महोत्सव को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से प्रतिनिधिमंडलों की मुलाकात, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में “रामनवमी महोत्सव” के मद्देनज़र विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा में सपरिवार शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी आमंत्रणों को सहर्ष स्वीकार करते हुए राज्यवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति का प्रतीक है, जिसे पूरे प्रदेश में मिल-जुलकर मनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और आयोजन समितियों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

इस अवसर पर महावीर मंडल और अन्य समितियों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें महानगर समिति के अध्यक्ष कुणाल अजमानी, संरक्षक पवन बजाज, प्रवक्ता बादल सिंह, केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सागर वर्मा, मंत्री नितेश यादव, पूर्व अध्यक्ष जयसिंह यादव, पूर्व मंत्री सतीश यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। इसके अलावा रामनवमी श्रृंगार समिति, तपोवन मंदिर निवारणपुर, डोरंडा महावीर मंडल समिति और केंद्रीय शांति समिति के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मौके पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी उपस्थित रहे।


तपोवन मंदिर प्रतिनिधिमंडल ने भी दिया आमंत्रण

इसी क्रम में तपोवन मंदिर, निवारणपुर के महंत ओम प्रकाश शरण के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में प्रणय कुमार वर्मा, अयोध्या दास और आशुतोष दास शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रामनवमी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर राज्यवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button