HeadlinesJharkhandStatesTrending

लुगुबुरु में 24 नवंबर को CM का प्रस्तावित दौरा, डीसी-एसपी ने तैयारियों की समीक्षा की

बोकारो के लुगुबुरु घंटा बाड़ी में 22 से 24 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन होगा। डीसी अजय नाथ झा ने सुरक्षा, पार्किंग, CCTV, ड्रोन और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी के निर्देश दिए।

लुगुबुरु महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, 22 नवंबर से जुटेंगे देश-विदेश के श्रद्धालु; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की तैयारी

बोकारो: संथाल समाज के प्रमुख तीर्थस्थल लुगुबुरु घंटा बाड़ी (धोरमगाढ़), ललपनिया में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

मंगलवार को बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में जरूरी काम पूरा करने का निर्देश दिया।

CCTV और ड्रोन से होगी मेला क्षेत्र की निगरानी

उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र और लुगु पहाड़ के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने का निर्देश दिया।

इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती, व्यवस्थित पार्किंग तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने को कहा गया। पिछले आयोजन में जाम की समस्या को देखते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल और आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग चिह्नित करने पर भी जोर दिया गया।

24 घंटे एंबुलेंस और अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में अस्थायी अस्पताल और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन का प्रयास है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

लुगु पहाड़ के रास्तों पर रोशनी और सफाई पर जोर

उपायुक्त ने लुगु पहाड़ पर रोशनी की व्यवस्था, रास्तों की सफाई और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बांस के बेंच लगाने का निर्देश दिया। जगह-जगह डस्टबिन लगाने और सीता नाला के आसपास सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने को भी कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पहाड़ के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया जाए।

24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारी

24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर भी प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा की। मंच निर्माण, सुरक्षा प्रोटोकॉल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्रशासनिक निगरानी में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी आयोजन समिति की होगी, जबकि जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग और विभागों के बीच समन्वय उपलब्ध कराएगा।

बैठक में कई विभागों के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य रहे मौजूद

तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, खेल पदाधिकारी हेमलता बून, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, आयोजन समिति के बबली सोरेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले महासम्मेलन में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button