HeadlinesJharkhandStatesTrending

लुगुबुरू धाम पहुंचे CM हेमंत सोरेन, बोले- लुगू बाबा की छांव से मिलेगी आदिवासी समाज को शक्ति

लुगुबुरू महोत्सव के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। कहा- लुगू बाबा की छांव आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत है।

लुगुबुरू महोत्सव में गूंजा संथाली संस्कृति का जयघोष, CM हेमंत सोरेन बोले- लुगू बाबा की छांव आदिवासियों की शक्ति

बोकारो/रांची: संथाल आदिवासी समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र ललपनिया स्थित लुगुबुरू धाम में आयोजित तीन दिवसीय ‘लुगू बुरू घंटा बाड़ी धोरोम गाढ़’ राजकीय महोत्सव का अंतिम दिन श्रद्धा, संस्कृति और पारंपरिक उल्लास के नाम रहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ लुगुबाबा के दरबार पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग लुगू बाबा की छांव में आए हैं। यहां से आदिवासी समाज को ऐसी शक्ति मिलेगी, जो उनके जीवन के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री ने लुगुबाबा के प्रति आदिवासी समाज की गहरी आस्था और सांस्कृतिक पहचान के महत्व को भी रेखांकित किया।

लुगुबुरू धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर

22 नवंबर से शुरू हुए इस महोत्सव में झारखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों तथा नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने लुगुबुरू धाम को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से यहां संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा सीतानाला और ग्रीन रूम का विकास कार्य भी पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, कल्याण विभाग की ओर से एक करोड़ रुपये की लागत से अन्य आधारभूत विकास कार्य भी कराए गए हैं।

महोत्सव में कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री चमरा लिंडा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा भी शामिल हुए।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने लुगुबाबा की पवित्र गुफा में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मांदर की थाप और संथाली लोकगीतों से गूंजा परिसर

पूरे महोत्सव परिसर में मांदर की थाप, संथाली लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों के नृत्य ने उत्सव का माहौल बनाया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।

संथाल समाज के लिए यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पहचान और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर भी बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button