
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को नई दिल्ली रवाना हो गए। वे 11 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में हिस्सा लेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होकर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
नीति आयोग की ओर से आयोजित इस बैठक का मुख्य विषय “विकसित भारत के लिए मानव पूंजी” रखा गया है। बैठक में राज्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार सृजन और मानव संसाधन विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक मंथन होने की संभावना है। साथ ही दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में तय की गई प्राथमिकताओं और सिफारिशों पर भी चर्चा होगी।
झारखंड सरकार की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य का पक्ष रखेंगे। उनके साथ राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, दिल्ली स्थित रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल तथा योजना एवं विकास विभाग की अपर सचिव विजया जाधव भी बैठक में शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बैठक के दौरान झारखंड में चल रही विकास योजनाओं, मानव संसाधन विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों और योजनाओं पर केंद्र सरकार का सहयोग भी मांग सकते हैं।
नीति आयोग की यह बैठक केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस बैठक में भागीदारी को झारखंड के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


