
बोकारो: आधी रात निरीक्षण के लिए सड़कों पर उतरते हैं SP नाथु सिंह मीणा, औचक जांच से पुलिस महकमे में बढ़ी सतर्कता
Bokaro: बोकारो जिले में पदभार संभालने के बाद से पुलिस अधीक्षक (SP) नाथु सिंह मीणा अपनी सक्रिय और सख्त कार्यशैली को लेकर लगातार चर्चा में हैं। जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वे स्वयं देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक का यह तरीका पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
आधी रात करते हैं औचक निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, एसपी नाथु सिंह मीणा बिना पूर्व सूचना के देर रात शहर और जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर रात्रि गश्ती, वाहन जांच और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हैं।
वे सिटी थाना, सेक्टर-4 थाना, हरला थाना समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित रात्रिकालीन गश्ती दलों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हैं और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की सतर्कता की समीक्षा करते हैं।
अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को नियमित रूप से वाहन जांच, एंटी-क्राइम चेकिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि रात्रि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई
रात्रि निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कराने के निर्देश देते हैं। कई मामलों में मौके पर ही चालान की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
एसपी नाथु सिंह मीणा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वाहनों और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित जांच करने के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखने को कहा है।
औचक निरीक्षण के दौरान कई बार सिटी डीएसपी, मुख्यालय डीएसपी और बेरमो एसडीपीओ भी उनके साथ मौजूद रहते हैं।
पुलिस अधीक्षक की इस सक्रिय कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों का मानना है कि नियमित निरीक्षण और सख्ती से जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।



