HeadlinesJharkhandStatesTrending

MMDR पर भाजपा की बेचैनी बता रही है कि चोट सही जगह लगी: विनोद पांडेय

MMDR पर JMM का BJP को जवाब! “चोट सही जगह लगी है”

MMDR पर भाजपा की बेचैनी बता रही है कि चोट सही जगह लगी है: विनोद पांडेय

Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि MMDR संशोधन को लेकर झामुमो और कांग्रेस की चिंता किसी राजनीतिक लाभ का हिस्सा नहीं, बल्कि झारखंड के जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यदि MMDR के मुद्दे पर हो रहे आंदोलन से परेशानी हो रही है तो यह संकेत है कि “चोट सही जगह लगी है।”

छात्रों के आंदोलन को MMDR से जोड़ना मुद्दे से भटकाने की कोशिश

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा नेता छात्रों के आंदोलन को MMDR के मुद्दे से जोड़कर मूल सवाल से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के सवाल अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं और सरकार इस दिशा में कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के आर्थिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर आवाज उठाना बंद कर दिया जाए। भाजपा को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि झारखंड किस मुद्दे पर आवाज उठाएगा और किस पर नहीं।

खनिज अधिकार और राजस्व प्रभावित हुआ तो चुप नहीं बैठेगा JMM

झामुमो महासचिव ने कहा कि यदि MMDR संशोधन से राज्यों के खनिज अधिकार और राजस्व प्रभावित होते हैं, तो झामुमो चुप नहीं बैठेगा। झारखंड अपने प्राकृतिक संसाधनों के बदले उचित आर्थिक अधिकार की मांग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि झारखंड के हित और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है।

भ्रष्टाचार के आरोपों पर सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती

भाजपा की ओर से भ्रष्टाचार और अवैध कमाई के लगाए जा रहे आरोपों पर विनोद पांडेय ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए और जांच एजेंसियों के समक्ष रखा जाए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी के जरिए झारखंड की जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।

भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी पर सरकार की कार्रवाई का दावा

भर्ती परीक्षाओं को लेकर भाजपा के आरोपों पर पांडेय ने कहा कि सरकार ने अनियमितताओं की जांच कराई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा।

उन्होंने भाजपा से कहा कि यदि उसे छात्रों के भविष्य की चिंता है तो राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जांच और न्याय की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए रचनात्मक सुझाव देने चाहिए।

भाजपा से पूछा- झारखंड के अधिकारों पर स्पष्ट रुख क्या है?

विनोद पांडेय ने भाजपा से सवाल किया कि केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे MMDR संशोधन को लेकर उसकी झारखंड इकाई का स्पष्ट रुख क्या है। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा झारखंड के खनिज राजस्व और राज्य के अधिकारों की रक्षा के पक्ष में है या केंद्र सरकार के हर फैसले का समर्थन करेगी?

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पहले इस सवाल का जवाब देना चाहिए।

JMM बोला- छात्रों के सवाल और अधिकारों की लड़ाई दोनों जारी रहेगी

झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा की परेशानी यह है कि जब भी झारखंड के अधिकारों की बात होती है, उसके नेता मुद्दे को भटकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है।

विनोद पांडेय ने कहा कि छात्रों के सवाल भी उठेंगे और झारखंड के अधिकारों की लड़ाई भी जारी रहेगी। रोजगार, नियुक्ति और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था युवाओं का अधिकार है, जबकि खनिज संपदा पर राज्य का अधिकार झारखंड का संवैधानिक और आर्थिक सवाल है।

MMDR संशोधन के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने का ऐलान

विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो झारखंड के हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है। MMDR संशोधन के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

उन्होंने भाजपा नेताओं से बयानबाजी के बजाय यह स्पष्ट करने को कहा कि वे झारखंड के हितों के साथ खड़े हैं या केंद्र सरकार के उस प्रस्ताव के साथ, जिससे राज्य के हित प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button