HeadlinesJharkhandStates

हजारीबाग कांड: पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए BJP सड़कों पर उतरेगी

आदित्य साहू ने सरकार पर साधा निशाना, पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

रांची/हजारीबाग: हजारीबाग कांड पर गरमाई सियासत: 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो BJP का बड़ा आंदोलन, 29 को मशाल जुलूस
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुई बेहद दर्दनाक और जघन्य घटना को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि यह घटना पूरे राज्य को झकझोर देने वाली है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे पार्टी के अन्य नेताओं के साथ हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित कुसुंबा गांव पहुंचे थे, जहां जो तथ्य सामने आए वे बेहद भयावह और दिल दहला देने वाले हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रामनवमी और चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर एक 12 वर्षीय बच्ची, जो जुलूस देखने गई थी, उसे अपराधियों ने अगवा कर दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। साहू ने कहा कि अपराधियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार और प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि चार दिनों तक जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के पास नहीं पहुंचा। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका के पिता को गांव लाने में भी प्रशासन ने कोई मदद नहीं की, जबकि भाजपा नेताओं ने खुद इसकी व्यवस्था की।

साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस घटना पर संवेदना तक व्यक्त नहीं कर सके और दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।

24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं तो आंदोलन

भाजपा ने राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

  • 29 मार्च: हजारीबाग के सभी प्रखंडों में मशाल जुलूस
  • 30 मार्च: हजारीबाग बंद का आह्वान
  • पूरे राज्य में: महिला मोर्चा द्वारा जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन

पीड़ित परिवार के लिए ये मांगें

भाजपा ने राज्य सरकार से निम्नलिखित मांगें रखी हैं:

  • दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए
  • पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए
  • मृतका के पिता को सरकारी नौकरी मिले
  • परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए

राजनीतिक बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया

साहू ने झामुमो, कांग्रेस और राजद नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि वे अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय कुसुंबा गांव जाकर जमीनी हकीकत देखें।

प्रेसवार्ता में पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button