भाजपा उतारेगी उम्मीदवार, एक सीट जीतने का किया दावा

राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

राज्यसभा चुनाव: भाजपा मैदान में उतारेगी उम्मीदवार, जीत का किया दावा

 

रांची। राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यसभा चुनाव की रणनीति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

 

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और राज्यसभा चुनाव प्रभारी एवं बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

बैठक के बाद मुख्य सचेतक एवं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला कर लिया है। उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा और इसकी आधिकारिक घोषणा शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह तक कर दी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को सभी विधायकों से समर्थन मांगने का अधिकार होता है। भाजपा उम्मीदवार भी सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों के विधायकों से समर्थन मांगेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होंगे और पार्टी राज्यसभा की एक सीट पर जीत दर्ज करेगी।

 

नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पार्टी को अपनी जीत का पूरा भरोसा है।

 

बैठक में आगामी दिनों में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यक्रमों और वरिष्ठ नेताओं के दौरे को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

 

बैठक में विधायक सीपी सिंह, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी और कुमार उज्जवल सहित कई विधायक उपस्थित रहे।

Exit mobile version