रांची: झारखंड की स्थापना के 25 वर्ष (Jharkhand Sthapana Diwas) पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन (16 नवंबर) राजधानी रांची एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव की गवाह बनेगी। इस अवसर पर पहली बार “जतरा” (सांस्कृतिक जुलूस) का आयोजन किया जाएगा, और शाम को मोरहाबादी मैदान में एक शानदार ड्रोन शो के माध्यम से राज्य की गौरव गाथा प्रस्तुत की जाएगी।
पहली बार निकलेगी ‘जतरा’, 4000 कलाकार होंगे शामिल
स्थापना दिवस के दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण पहली बार आयोजित हो रही “जतरा” होगी। यह भव्य सांस्कृतिक यात्रा डोरंडा से शुरू होगी और कचहरी चौक से होते हुए जेल पार्क में समाप्त होगी। इस जतरा में राज्य भर के लगभग 4000 कलाकार शामिल होंगे, जो झारखंड की विविध और समृद्ध सांस्कृतिक झलक पेश करेंगे।
ड्रोन शो में दिखेगी बिरसा मुंडा की जीवनगाथा
शाम को मोरहाबादी मैदान में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो में अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से आसमान में भगवान बिरसा मुंडा की जीवनगाथा और झारखंड की समृद्ध संस्कृति को आकर्षक दृश्यों के जरिये प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशेष ऑडियो-विजुअल (एवी) प्रस्तुति भी होगी।
“रिदम ऑफ फॉक” थीम पर सजेगी शाम
सांस्कृतिक कार्यक्रम “रिदम ऑफ फॉक” (लोक धुन की लय) थीम पर आधारित होगा। इसमें राज्य के पारम्परिक विधाओं का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा। मंच पर जहां संथाली, खड़िया और नागपुरी जैसे लोक नृत्य पेश किए जाएंगे, वहीं कत्थक, भरतनाट्यम और ओडिसी जैसे शास्त्रीय नृत्यों का संगम भी देखने को मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, शास्त्रीय एवं आधुनिक नृत्य की जुगलबंदी पर आधारित एक फ्यूजन प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी।
शिल्पा राव और शगुन पाठक बिखेरेंगे सुरों का जादू
इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर शिल्पा राव अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
यह पूरा कार्यक्रम पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार और संस्कृति निदेशक श्री आसिफ इकराम की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है।



