HeadlinesBiharStatesTrending

बांकीपुर उपचुनाव: BJP ने बदला उम्मीदवार, अभिषेक सिन्हा ने नाम वापस लिया, नीरज सिन्हा बने प्रत्याशी

अभिषेक सिन्हा ने नामांकन वापस लिया और उनकी जगह नीरज सिन्हा को प्रत्याशी बनाया गया।

पटना: बांकीपुर उपचुनाव में BJP ने बदला उम्मीदवार, अभिषेक सिन्हा ने नामांकन वापस लिया, नीरज सिन्हा को बनाया प्रत्याशी

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उम्मीदवार बदल दिया है। पहले घोषित प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी ने नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी है। उनकी जगह पार्टी ने नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार बनाया है।

सूत्रों के अनुसार, अभिषेक सिन्हा के नामांकन पत्र में पारिवारिक और शैक्षणिक जानकारी से जुड़ी संभावित तकनीकी गड़बड़ियों की आशंका के बाद पार्टी ने यह फैसला लिया। हालांकि, अभिषेक सिन्हा ने आधिकारिक तौर पर चुनाव नहीं लड़ने के पीछे पारिवारिक कारण बताया है।

प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा पत्र

अभिषेक सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र सौंपते हुए लिखा कि पार्टी ने उन्हें बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए का उम्मीदवार बनाकर सम्मान दिया, जिसके लिए वे केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने पारिवारिक कारणों से चुनाव लड़ने में असमर्थता जताते हुए नाम वापस लेने की जानकारी दी और भविष्य में पार्टी कार्यकर्ता के रूप में सेवा जारी रखने की बात कही।

नीरज सिन्हा बने नए उम्मीदवार

भाजपा ने अभिषेक सिन्हा की जगह नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। नीरज पिछले लगभग 20 वर्षों से भाजपा से जुड़े हैं और वर्तमान में मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्हें पूर्व विधायक एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का करीबी माना जाता है।

विपक्ष ने साधा निशाना

उम्मीदवार बदलने के फैसले पर विपक्ष ने भाजपा को घेरा है। कांग्रेस ने इसे पार्टी की अंदरूनी गड़बड़ी बताते हुए कहा कि नामांकन वापस लेने की वजह “पारिवारिक कारण” नहीं बल्कि नामांकन में खामियां हैं।

वहीं, जन सुराज के नेताओं ने दावा किया कि भाजपा ने चुनावी स्थिति को देखते हुए उम्मीदवार बदला है। हालांकि भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

13 जुलाई तक होंगे नामांकन

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई तक जारी रहेगी। राजद ने पहले ही रेखा गुप्ता को मैदान में उतार दिया है, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। उपचुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button