
5 राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान: बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग, नतीजे 4 मई को असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान; 17.4 करोड़ मतदाता करेंगे 824 सीटों पर वोट
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने रविवार को पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी—में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इन सभी राज्यों में मई में विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं, जो 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान करेंगे।
ऐसे होंगे चुनाव
-
पश्चिम बंगाल: 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान
-
तमिलनाडु: 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान
-
असम: 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान
-
केरल: 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान
-
पुडुचेरी: 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान
सभी राज्यों के मतगणना और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के नए प्रयोग
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पिछले 12 महीनों में चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए गए हैं।
-
SIR (Special Intensive Revision): इसके तहत यह सुनिश्चित किया गया कि मतदाता सूची में कोई अयोग्य व्यक्ति शामिल न हो।
-
मोबाइल फोन नियम: मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदाताओं को फोन पोलिंग स्टेशन के बाहर जमा करना होगा, मतदान के बाद उसे वापस ले सकेंगे।
पिछली बार 8 चरणों में हुआ था बंगाल चुनाव
2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान कराया गया था। वहीं असम में 3 चरणों में, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव हुए थे।
इस बार चुनाव आयोग ने प्रक्रिया को सरल बनाते हुए अधिकांश राज्यों में सिंगल फेज मतदान कराने का फैसला किया है।


