पोखराहा फोरलेन पर फिर हादसा: वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

NHAI पर उठे सवाल, फ्लाईओवर नहीं बनने पर पूर्व मंत्री ने दी आंदोलन की चेतावनी

मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा फोरलेन एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह निवासी 60 वर्षीय नागेश्वर तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर फोरलेन सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। मिली जानकारी के अनुसार नागेश्वर तिवारी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पोखराहा फोरलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव, सदर सीओ जागो महतो तथा थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने ले जाया गया है।

लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखराहा फोरलेन अब हादसों का हॉटस्पॉट बन चुका है। ग्रामीणों के अनुसार इसी स्थान पर 13 जून को भी रामरेखा पासवान की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है।

फ्लाईओवर निर्माण की मांग तेज

क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पूर्व मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी (केएन त्रिपाठी) ने पोखराहा और जोड़ इलाके में फ्लाईओवर अथवा सुरक्षित चौराहा निर्माण की मांग को लेकर पहले भी आंदोलन किया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

फ्लाईओवर नहीं बना तो होगा उग्र आंदोलन : केएन त्रिपाठी

पूर्व मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पोखराहा और जोड़ में फ्लाईओवर का निर्माण नहीं होने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में आंदोलन भी किया गया था। उस समय तत्कालीन उपायुक्त शशि रंजन और NHAI के अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में पहल नहीं की गई तो NHAI के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। त्रिपाठी ने कहा कि लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version