
संत गुरु रविदास का संदेश आज भी प्रासंगिक, 29 जुलाई से शुरू होगा देशव्यापी अभियान: अर्जुन मुंडा
Ranchi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि संत गुरु रविदास का समानता, भाईचारे, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से देशव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा, जो 20 फरवरी तक चलेगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत की भूमि प्राचीन काल से आध्यात्मिक मार्गदर्शन का केंद्र रही है। यहां अनेक संतों, महापुरुषों और युगदृष्टाओं ने मानवता को सत्य, सेवा, सदाचार और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।
संत रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रेरणास्रोत
अर्जुन मुंडा ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने विचारों, कर्मों और जीवन के माध्यम से समाज को समानता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं सामाजिक भेदभाव को दूर करने और समाज में भाईचारा मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक संत रविदास के जीवन, विचार और संदेश को पहुंचाना है।
29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेगा अभियान
अर्जुन मुंडा के मुताबिक, देशव्यापी अभियान 29 जुलाई से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत के अवसर पर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ‘समरसता दीप’ जलाए जाएंगे। इसके माध्यम से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
‘कलश बंधन अभियान’ के तहत लाई जाएगी पवित्र मिट्टी
अर्जुन मुंडा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत ‘कलश बंधन अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाकर जिला और मंडल स्तर तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संत गुरु रविदास की आध्यात्मिक विरासत और उनके सामाजिक संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
सामाजिक समरसता मजबूत करने पर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सामाजिक एकता, सेवा और समरसता को मजबूत करने वाले अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है और झारखंड में भी बड़ी संख्या में लोगों को इससे जोड़ने की तैयारी है। अर्जुन मुंडा ने विश्वास जताया कि संत गुरु रविदास के विचार समाज में सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करेंगे।



