
‘भीख नहीं, अपना हक चाहिए’, CM हेमंत सोरेन ने दी 9,097 करोड़ की सौगात; 1,643 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
रांची: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास के लिए 9,097.59 करोड़ रुपये की 1,643 योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने झारखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास, पूर्वजों के बलिदान, जल-जंगल-जमीन और राज्य के संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि झारखंड को भीख नहीं, बल्कि अपना हक और अधिकार चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती पूर्वजों के खून-पसीने और लंबे संघर्ष से बनी है। राज्य के अधिकारों के लिए कानूनी और राजनीतिक, हर स्तर पर लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड विकास की नई उड़ान भरने के लिए तैयार है।
9,097.59 करोड़ की 1,643 योजनाओं की सौगात
स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल 9,097.59 करोड़ रुपये की 1,643 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की 823 योजनाओं का शिलान्यास और 3,155.73 करोड़ रुपये की 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
इन योजनाओं का संबंध सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे से है। सरकार को उम्मीद है कि इनके माध्यम से राज्य में विकास कार्यों को गति मिलेगी और लोगों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
महिला समूहों के आग्रह पर बढ़ेगा स्टॉल का समय
समारोह में महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए थे। मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान महिलाओं ने बताया कि उनके उत्पादों की अच्छी बिक्री हो रही है और उन्होंने स्टॉल की अवधि एक-दो दिन बढ़ाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए आयोजन समिति और संबंधित विभागों को आयोजन की अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया।
पूर्वजों के संघर्ष को याद कर युवाओं से किया आह्वान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने झारखंड राज्य के निर्माण में आदिवासी और मूलवासी समाज के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक मां बच्चे को जन्म देती है, उसी तरह पूर्वजों और महापुरुषों ने संघर्ष करके अलग झारखंड राज्य बनाया।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन का नेतृत्व करने वाली पीढ़ी धीरे-धीरे दुनिया से विदा हो रही है। ऐसे में अब युवाओं को आगे आकर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की जिम्मेदारी उठानी होगी। मुख्यमंत्री ने इसे झारखंड के लोगों के जीवन और पहचान का आधार बताया।
खनिज संपदा के बावजूद पिछड़ेपन पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों ने देश और दुनिया के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज को लंबे समय तक पिछड़ेपन का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि राज्य ने पिछले 26 वर्षों में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अब जरूरत है कि सभी मिलकर झारखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने का संकल्प लें।
GI टैग और ऑनलाइन बाजार से स्थानीय उत्पादों को पहचान
हेमंत सोरेन ने कहा कि अबुआ सरकार के कार्यकाल में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने ट्रेड फेयर का जिक्र करते हुए बताया कि झारखंड की महिलाओं ने वहां अपने उत्पादों और हुनर का प्रदर्शन किया तथा अच्छा कारोबार किया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य के विशिष्ट उत्पादों को जीआई टैग दिलाने और स्थानीय उत्पादों की खरीद-बिक्री के लिए ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी पहल की गई है। इससे ग्रामीण कारीगरों और महिला समूहों को बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।
शिक्षा, छात्रवृत्ति और मईयां सम्मान योजना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और गरीबी को राज्य की बड़ी चुनौतियों में शामिल बताते हुए कहा कि सरकार बच्चों की पढ़ाई और युवाओं के कौशल विकास पर ध्यान दे रही है। विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की पहल का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कल्याण विभाग के छात्रावासों में बच्चों को निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने मईयां सम्मान योजना का जिक्र करते हुए दावा किया कि इससे राज्य की 50 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दोहराया कि झारखंड के पास विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार राज्य को अग्रणी राज्यों से आगे ले जाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।



