
बोकारो में DMFT योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, समय-सीमा में काम पूरा करने का निर्देश
बोकारो। जिले में डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) की कल्याणकारी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने एजेंसीवार योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां कार्यों में तेजी लाएं और लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को डीएमएफटी योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने दिसंबर महीने में डीएमएफटी गवर्निंग कमेटी की बैठक आयोजित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लुगुबुरू महोत्सव और स्थापना दिवस का प्रतिवेदन तैयार होगा
बैठक में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लुगुबुरू महोत्सव के सफल आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी संकलित कर समेकित प्रतिवेदन तैयार करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बोकारो संवाददाता: ललित मिश्रा



