
सूर्य सिंह बेसरा से मारपीट पर भड़के जयराम महतो, बोले- झारखंड आंदोलनकारियों की सुरक्षा और सम्मान जरूरी
जमशेदपुर: गोपाल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जयराम महतो ने कहा कि यह विडंबना है कि कथित जमीन और कोयला माफियाओं तथा राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को सरकारी अंगरक्षक उपलब्ध कराए जाते हैं, जबकि अलग झारखंड राज्य के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारी को सुरक्षा नहीं मिलती।
विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन बदसलूकी बर्दाश्त नहीं
जयराम महतो ने कहा कि समाज और राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी बुजुर्ग और सम्मानित आंदोलनकारी के साथ बदसलूकी की जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लंबा संघर्ष किया है। उनके योगदान और सम्मान की रक्षा करना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है।
दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग
JLKM प्रमुख ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसके साथ ही जयराम महतो ने राज्य सरकार से वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले लोगों की गरिमा और सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।



