HeadlinesJharkhandStatesTrending

: शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि: 14 फीट प्रतिमा का होगा अनावरण, 4 से 10 अगस्त तक राज्यभर में कार्यक्रम

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को नेमरा में 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण होगा। 9-10 अगस्त को रांची में झारखंड आदिवासी महोत्सव और राज्यभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 14 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण, 4 से 10 अगस्त तक राज्यभर में होंगे श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक कार्यक्रम

नेमरा में मुख्य श्रद्धांजलि समारोह, 9-10 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में झारखंड आदिवासी महोत्सव का आयोजन

Ranchi: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर राज्यभर में 4 अगस्त से श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। झारखंड सरकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

नेमरा में होगा मुख्य कार्यक्रम

4 अगस्त को झामुमो की ओर से राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में होगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी अवसर पर सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी।

9 और 10 अगस्त को आदिवासी महोत्सव

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 और 10 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष महोत्सव को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।

आदिवासी जतरा रहेगा मुख्य आकर्षण

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण पारंपरिक आदिवासी जतरा होगा। यह जतरा मोरहाबादी मैदान से बिरसा चौक तक निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शामिल होंगे।

राज्यभर और दिल्ली में भी होंगे कार्यक्रम

रांची के अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी श्रद्धांजलि सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य और अन्य आयोजन किए जाएंगे।

इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में भी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम झारखंड आंदोलन, आदिवासी संस्कृति और उनके योगदान को याद करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button