HeadlinesJharkhandStatesTrending

रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री वृद्धाश्रम पहुंचे, बुजुर्गों से बोले- “हम सब लोग आपके ही हैं”

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर बुजुर्गों का हालचाल जाना। उन्होंने सुविधाओं की समीक्षा की और वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया।

वृद्धाश्रम पहुंचे रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री, बुजुर्गों का जाना हालचाल; बोले- “हम सब लोग आपके ही हैं”

नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों के साथ बिताया समय; वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

Ranchi: रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिए।

“हम सब लोग आपके ही हैं” कहकर बढ़ाया हौसला

निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग ने भावुक होकर उपायुक्त से पूछा, “मेरा कोई है का…?” इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने उनका हाथ थामते हुए कहा, “हम सब लोग आपके ही हैं।” उनके इस जवाब से वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।

उपायुक्त उन बुजुर्गों से भी मिलने उनके कमरों तक पहुंचे, जो स्वास्थ्य कारणों से नीचे नहीं आ सके। उन्होंने सभी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली।

भजन पर तालियां, मिठाई खिलाकर बांटी खुशियां

वृद्धाश्रम की एक बुजुर्ग महिला ने इस दौरान भजन प्रस्तुत किया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह सहित सभी उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

पिछली मुलाकात में बुजुर्गों की पसंद को याद रखते हुए उपायुक्त इस बार अपने साथ मिठाइयां भी लेकर पहुंचे। उन्होंने स्वयं सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाई और उनके साथ आत्मीय पल साझा किए।

डूरंड कप देखने की इच्छा पर दिए तत्काल निर्देश

निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग ने डूरंड कप फुटबॉल मैच देखने की इच्छा जताई। इस पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इच्छुक बुजुर्गों के लिए मैच देखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को वृद्धाश्रम में नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सा सुविधा, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, परिसर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान, चापाकल की स्थापना, हरियाली संरक्षण, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा प्रत्येक बुजुर्ग के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वन स्टॉप सेंटर का भी किया निरीक्षण

वृद्धाश्रम के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने वन स्टॉप सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने वहां महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और बेड की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिए।

उपायुक्त ने कहा कि समाज के बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button