
खुद कार चलाकर जोन्हा फॉल पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन के साथ लिया प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। व्यस्त सरकारी कार्यक्रमों से समय निकालकर मुख्यमंत्री स्वयं कार चलाते हुए राजधानी रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ गांडेय विधायक और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री के अचानक जोन्हा फॉल पहुंचने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण उत्साहित हो उठे। कई लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद, ग्रामीणों से की बातचीत
जोन्हा फॉल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने झरने की प्राकृतिक सुंदरता और चारों ओर फैली हरियाली का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और पर्यटकों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लोगों का हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास को लेकर बातचीत की।
“जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं”
झारखंड की प्राकृतिक संपदा की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि “जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं और हरियाली की गोद में बसता हमारा झारखंड अद्वितीय है। राज्य की यह प्राकृतिक सुंदरता ही हमारी असली पहचान और ताकत है।”
पर्यटन विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जोन्हा फॉल सहित झारखंड के अन्य प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को लेकर गंभीर है। इन स्थलों को और अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
मुख्यमंत्री का सादगी भरा अंदाज और खुद कार चलाकर जनता के बीच पहुंचना पूरे दिन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।



