
इतिहास रचने की दहलीज पर वैभव सूर्यवंशी, आज डेब्यू मिला तो टूट जाएगा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड
Sports Desk: भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा वैभव सूर्यवंशी आज इतिहास रच सकते हैं। भारत और आयरलैंड के बीच खेले जाने वाले पहले टी-20 मुकाबले में यदि उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।
15 वर्षीय वैभव को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। उनका संभावित डेब्यू क्रिकेट जगत में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है।
सचिन का रिकॉर्ड टूटने की दहलीज पर
वैभव सूर्यवंशी फिलहाल भारत के लिए सबसे कम उम्र में टीम में चुने जाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। अब अगर उन्हें आयरलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो वह सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे।
टीम इंडिया की मिली नंबर-3 जर्सी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्रतिष्ठित नंबर-3 जर्सी सौंपी है। जर्सी मिलने के बाद वैभव ने टीम के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और इसे अपने क्रिकेट करियर का सबसे बड़ा पल बताया।
ICC नियमों के तहत अलग व्यवस्था
चूंकि वैभव अभी नाबालिग हैं, इसलिए ICC की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत उनके लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। उनकी फैमिली भी टीम होटल में उनके साथ रहेगी। हालांकि मैच और टीम मीटिंग के दौरान वह बाकी खिलाड़ियों के साथ रहेंगे।
यूरोप में भी वैभव का क्रेज
आयरलैंड में संभावित डेब्यू को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट स्टेडियम के टिकट तेजी से बिक रहे हैं और यूरोप के कई देशों से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के मैच देखने पहुंचने की उम्मीद है।
शानदार प्रदर्शन के दम पर मिली टीम इंडिया में जगह
वैभव सूर्यवंशी ने हाल के महीनों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। भारत-ए और श्रीलंका-ए ट्राई सीरीज के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था।
इसके अलावा आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने 776 रन बनाए। पूरे सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा और उन्होंने एक शतक भी लगाया। इसी दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला।
अब पूरे देश की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या कप्तान उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह देते हैं और क्या वैभव सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत के साथ भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिखते हैं।



