JharkhandHeadlinesPoliticsStates

असम में Hemant Soren का शक्ति प्रदर्शन, झामुमो ने बनाई चुनावी रणनीति

डिब्रूगढ़ बैठक में झामुमो का बड़ा प्लान, चुनावी मैदान के लिए कार्यकर्ता तैयार

असम/डिब्रूगढ़/रांची: Hemant Soren: असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने के लिए सोमवार को डिब्रूगढ़ में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक की अध्यक्षता झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष Hemant Soren ने की, जिसमें असम के विभिन्न इलाकों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक का मुख्य फोकस आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर पकड़ बढ़ाना रहा। खास तौर पर आदिवासी, शोषित और वंचित समाज बहुल क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

हेमन्त सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का मौका नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता को सशक्त करने का एक ऐतिहासिक अवसर भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो की पहचान हमेशा से शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी के रूप में रही है, और यही विचारधारा असम में भी पार्टी की ताकत बनेगी।

बैठक के दौरान क्षेत्रवार रणनीति, जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और जनता से सीधे जुड़ने का निर्देश दिया गया।

अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया। बैठक में मंत्री चमरा लिंडा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम करने के लिए अपना-अपना रोडमैप भी साझा किया।

यह बैठक झामुमो के लिए असम में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़े: असम में कांग्रेस का वार: आदिवासी अधिकार और जमीन पर शिल्पी नेहा तिर्की का बड़ा बयान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button