BiharHeadlinesPoliticsStatesTrending

राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार? X पर किया ऐलान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं

राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार? X पर किया ऐलान, नामांकन से पहले JDU में हंगामा

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें।

नीतीश कुमार ने लिखा कि वह इस बार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनना चाहते हैं और बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा।

आज कर सकते हैं नामांकन

सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ नामांकन कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आज पटना पहुंच सकते हैं और इस मौके पर मौजूद रह सकते हैं।

विधानसभा में नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, निशांत कुमार और मनीष वर्मा के नाम से नामांकन रिसीप्ट भी कट चुकी है।

कार्यकर्ताओं में नाराजगी, CM हाउस के बाहर प्रदर्शन

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच जदयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया।

कई कार्यकर्ताओं का कहना था कि “नीतीश कुमार बिहार के हैं और उन्हें राज्य की राजनीति छोड़कर नहीं जाना चाहिए।” कुछ कार्यकर्ता भावुक होकर रोते भी नजर आए।

इस दौरान CM हाउस पहुंच रहे भाजपा कोटे के मंत्री सुरेंद्र मेहता, जदयू एमएलसी संजय गांधी और विधायक प्रेम मुखिया को भी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा।

JDU दफ्तर में भी हंगामा

नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने के फैसले के बाद जदयू कार्यालय में भी हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पार्टी कार्यालय का गेट बंद कर दिया गया।

ललन सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जो भी निर्णय लेंगे, उसे पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वीकार करना होगा।

कई जिलों में भी विरोध

बेगूसराय, नालंदा सहित कई जिलों से भी नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के विरोध की खबरें सामने आ रही हैं।

निशांत कुमार की एंट्री पर भी चर्चा

इसी बीच मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। जदयू के कई नेताओं ने हाल ही में कहा था कि निशांत को राजनीति में आना चाहिए। हालांकि पार्टी ने अब तक इस पर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

पप्पू यादव का बयान

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में बदलाव के लिए निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए और सभी दलों को इस पर एकमत होना चाहिए।


फिलहाल बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब सबकी नजर उनके नामांकन और आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button