ऑक्सफोर्ड/लंदन/रांची: Marang Gomke: अपने ब्रिटेन दौरे के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित ‘सेंट जॉन्स कॉलेज’ (St John’s College) का ऐतिहासिक दौरा किया।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट जॉन्स कॉलेज के अभिलेखागार का भ्रमण कर मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी से जुड़े दुर्लभ चित्र, दस्तावेज़ और स्मृतियों को देखना अत्यंत भावुक अनुभव रहा।
वे न ऑक्सफोर्ड जैसे विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी के छात्र थे, बल्कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली… pic.twitter.com/Q6sgEAzOMO— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) January 25, 2026
यह वही संस्थान है जहां झारखंड के महान नेता, संविधान सभा के सदस्य और हॉकी के जादूगर ‘मरांग गोमके’ जयपाल सिंह मुंडा ने शिक्षा ग्रहण की थी। कॉलेज की अध्यक्ष प्रोफेसर लेडी सू ब्लैक ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जयपाल सिंह मुंडा के ऑक्सफोर्ड जीवन से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों और यादों को करीब से देखा।
Marang Gomke: दुर्लभ तस्वीरें और दस्तावेजों में दिखा जयपाल सिंह मुंडा का ऑक्सफोर्ड सफर
भ्रमण के दौरान सेंट जॉन्स कॉलेज ने मुख्यमंत्री के समक्ष जयपाल सिंह मुंडा से जुड़े दुर्लभ अभिलेख प्रदर्शित किए। इनमें ऑक्सफोर्ड हॉकी टीम की पुरानी तस्वीरें, डिबेटिंग सोसाइटी के रिकॉर्ड्स (जिसके वे अध्यक्ष भी रहे), उनके व्यक्तिगत पत्र और नोटबुक शामिल थे। दस्तावेजों ने पुष्टि की कि कैसे उन्होंने कॉलेज और यूनिवर्सिटी की ओर से हॉकी में ‘हॉकी ब्लू’ सम्मान हासिल किया और बाद में 1928 ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी की। मुख्यमंत्री ने इन धरोहरों को संरक्षित रखने के लिए कॉलेज प्रशासन की सराहना की और इसे झारखंड की बौद्धिक विरासत का सम्मान बताया।
Marang Gomke: जयपाल सिंह और शिबू सोरेन के नाम पर पीएचडी स्कॉलरशिप का प्रस्ताव
बैठक का सबसे अहम पहलू भविष्य के लिए शैक्षणिक सहयोग रहा। मुख्यमंत्री और कॉलेज प्रशासन के बीच ‘सेंट जॉन्स कॉलेज-झारखंड समर्पित पीएचडी/डॉक्टोरल छात्रवृत्ति’ शुरू करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। यह स्कॉलरशिप मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की स्मृति में शुरू करने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा ने अलग राज्य की वैचारिक नींव रखी थी, जिसे बाद में उनके पिता शिबू सोरेन ने आंदोलन के जरिए मंजिल तक पहुंचाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों और शोधकर्ताओं से भी संवाद किया।
Tags:
Hemant Soren, Oxford University, St Johns College, Jaipal Singh Munda, Marang Gomke, Shibu Soren, Jharkhand Scholarship, Jharkhand News, Indian Hockey History



