15 साल के वैभव सूर्यवंशी का Team India में चयन, बने भारत के सबसे युवा क्रिकेटर; श्रेयस अय्यर को मिली T20 टीम की कमान
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने भारतीय टीम में सबसे कम उम्र में चयनित होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था।
149 दिन के अंतर से टूटा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाई है। इससे पहले शेफाली वर्मा 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए चुनी गई थीं। वहीं पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर 16 साल 194 दिन की उम्र में टीम इंडिया में शामिल हुए थे।
यदि वैभव को इंग्लैंड, आयरलैंड दौरे या एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिलता है तो वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन जाएंगे।
श्रेयस अय्यर बने नए T20 कप्तान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंप दी है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है।
श्रेयस अय्यर की लगभग ढाई साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
IPL 2026 में छाए रहे वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के लगाने के साथ-साथ मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और सुपर स्ट्राइकर जैसे बड़े पुरस्कार भी जीते।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा और अब उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला है।
आयरलैंड-इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।
भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में देखे जा रहे वैभव सूर्यवंशी के चयन ने क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ा दिया है। अब सभी की नजर उनके संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर टिकी हुई है।
